
- हीटवेव में धूप से बचाव की सलाह
सिरोही. भीषण गर्मी के मद्देनजर अब स्कूलों व मनरेगा कार्य स्थलों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, हीटवेव में धूप से बचाव की भी सलाह दी गई है।
जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने गर्मी को देखते हुए महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत श्रमिकों के लिए कार्य का समय बदलने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर तक के स्कूल भी अब सुबह की पारी में ही संचालित होंगे।
यह रहेगा मनरेगा कार्य स्थलों का समय
आदेश के तहत मनरेगा स्थलों पर सुबह 6 बजे से दोपहर एक बजे तक का समय विश्राम काल रहित किया गया है। यह व्यवस्था 15 जुलाई या मानसून आने तक प्रभावी रहेगी। जिला कलक्टर ने बताया कि यदि कोई श्रमिक समूह समय से पूर्व निर्धारित टास्क के अनुसार कार्य पूर्ण कर लेता है तो वह कार्य की माप मेट के पास उपलब्ध मस्टररोल में अंकित टास्क प्रपत्र में दर्ज करवाने के बाद एवं समूह के मुखिया के हस्ताक्षर करवा कर कार्य स्थल छोड़ सकता है।
स्कूल सुबह साढ़े सात बजे से 12 बजे तक रहेंगे
उधर, जिले में गर्मी को देखते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से आए प्रस्ताव पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला कलक्टर ने जिले में संचालित नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में सुबह साढ़े सात बजे से से दोपहर 12 बजे तक किए जाने के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 25 अप्रेल से ग्रीष्मावकाश तक रहेगी। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों एवं स्टाफ कक्षा एक से आठवीं सहित सभी एवं संचालित अन्य परीक्षाओं का समय यथावत रहेगा। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



