
- नगर परिषद के उप चुनाव में भाजपा की जीत, शहर में निकाला जुलूस
सिरोही. नगर परिषद के वार्ड 29 के उप चुनाव में भाजपा की बसंती ने 186 मतों से जीत दर्ज की। यह सीट भाजपा से पार्षद के निधन से रिक्त हुई थी। भाजपा ने इस सीट से पार्षद की बहू को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा। अब बहू अपनी सास की विरासत को संभालेगी।
रिटर्निंग ऑफिसर रमेशचंद बहेडिया ने बताया कि बसंती पटेल को 373 वोट मिले तथा निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की कंकूदेवी को 187 मत मिले हैं। इस वार्ड में 885 वोटर्स में से 567 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। इसमें से 7 लोगों ने नोटा को भी पसंद किया। उधर, भाजपा प्रत्याशी की जीत पर विजय जुलूस निकाला गया। शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां विजयी प्रत्याशी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इनको जितने मिले उतने से जीत का अंतर
इस उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जितने वोट मिले हार-जीत का अंतर उतने ही मतों की संख्या के अंतर में रहा। मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी पर काफी विश्वास जताया। उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जहां 187 मत मिले, वहीं भाजपा प्रत्याशी ने इतने ही मत 186 के अंतर से जीत हासिल कर ली। भाजपा प्रत्याशी को 373 मतों से जीत हासिल की।
भाजपा पार्षद के निधन से रिक्त हुई थी सीट
उल्लेखनीय है कि इस वार्ड से भाजपा पार्षद हंसादेवी की मौत हो गई थी। इसके बाद यह सीट रिक्त हो गई। उप चुनाव में भाजपा ने हंसादेवी की पुत्र वधू बसंतीदेवी को ही चुनाव मैदान में उतार दिया। इसके बाद राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के प्रयासों में पूरी ताकत झोंक दी थी।#Sirohi. BJP’s victory in the by-election of the city council