सिरोहीcrime newsrajasthansirohiराजस्थान

रात के अंधेरे में नदियों का सीना छलनी कर रहे बजरी माफिया

  • डम्पर व ट्रैक्टरों में भर रहे बजरी पर महकमा मूकदर्शक
  • शिवगंज तहसील के कैलाशनगर क्षेत्र में चल रहा अवैध खनन

सिरोही. जिले में बजरी का अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। शिवगंज तहसील के कैलाशनगर क्षेत्र में लम्बे समय से अवैध खनन किया जा रहा है। नारादरा, लोटीवाड़ा, उम्मेदगढ़ समेत आसपास के इलाके की नदियों में मनमर्जी की खनन चल रहा है। बजरी माफिया रात के अंधेरे में नदियों का सीना छलनी कर रहे हंै, लेकिन खनिज विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।

नदियों में फैला है माफिया का जाल
बताया जा रहा है कि कैलाशनगर थाना क्षेत्र के लोटीवाड़ा, उम्मेदगढ़, नारादरा समेत आसपास के गांवों की नदियों में माफिया का जाल फैला हुआ है। रात-दिन बजरी का खनन किया जा रहा है। गंवई रास्तों से बजरी को बड़े स्टेशन तक पहुंचाया जा रहा है। माफिया कई जगह बजरी का स्टॉक कर रखते हैं, ताकि मांग आते ही तत्काल बजरी भेजी जा सके।

सिरोही-जालोर में भेज रहे बजरी
जानकार लोगों ने बताया कि लोटीवाड़ा क्षेत्र जालोर से सटा हुआ है। ऐसे में इन नदियों से निकाली गई बजरी सिरोही समेत जालोर के गांवों तक भी आपूर्ति की जा रही है। रात को नदियों में वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। रात-दिन चल रहे अवैध खनन के बावजूद खनिज महकमा इस ओर से चुप्पी साधे बैठा है।

खनन से रोका तो ग्रामीणों पर पथराव, एक घायल
उधर, सरूपगंज थाना क्षेत्र के पातुम्बरी गांव में खनन माफिया के हमले में एक किसान घायल हो गया। जानकारी के अनुसार काछोली नदी में कुछ लोग बजरी का अवैध खनन कर रहे थे। नदी में खेत की तारबंदी के पास बजरी खनन करने पर किसान से विवाद हो गया। इस पर बजरी भरने आए ट्रैक्टर चालकों ने पथराव कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पथराव में ग्रामीण शंकरलाल कलबी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उसे तत्काल ही असपताल पहुंचाया। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बजरी भरे तीन ट्रैक्टर जब्त कर लिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button