
- फोटो सेशन के चक्कर में भाजपा कार्यकर्ता भूल गए प्रोटोकॉल
- जिलाध्यक्ष व जिला प्रमुख के आगे भी खड़े दिखे कार्यकर्ता
सिरोही. मंत्रियों के साथ फोटो सेशन के चक्कर में भाजपा कार्यकर्ता प्रोटोकॉल ही भूल गए। यहां तक कि सत्ताधारी दल से जुड़े विधायक को ही पीछे धकेल दिया गया। वे भीड़ में एक जगह खड़े नजर आए। इसी फोटो में जिलाध्यक्ष व जिला प्रमुख के आगे भी एक कार्यकर्ता खड़ी नजर आईं। वैसे फोटो तो कई दूसरे एंगल से भी खींचे होंगे, लेकिन सोशल मीडिया पर यह फोटो जमकर वायरल हुआ।
विधायक का आधा चेहरा ही नजर आया
हुआ यूं कि उप मुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) प्रेमचंद बैरवा ( Prem Chand Bairwa) सिरोही आगमन के दौरान शनिवार सुबह सारणेश्वर मंदिर में दर्शन को गए। स्थानीय विधायक व राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुम्बाराम चौधरी (Lumbaram choudhary) व आबू-पिण्डवाड़ा विधायक (MLA) समाराम गरासिया (samaram garasiya) भी उनके साथ रहे। मंदिर से बाहर आकर कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री के साथ फोटो सेशन किया। इस दौरान विधायक समाराम गरासिया पीछे खड़े दिखे। वे इस कदर पीछे थे कि उनका आधा चेहरा ही नजर आ रहा था। वैसे वे सांसद के साथ खड़े थे, लेकिन किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गणपतसिंह व पूर्व उपमंत्री भूपेंद्र देवासी उनके आगे आ गए।
इतने में ही फोटो क्लिक हो गया
इसी तरह दूसरे किनारे पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी (otaram dewasi) के पास ही भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी (raksha bhandari) व जिला प्रमुख अर्जुनराम (arjunram) खड़े थे, लेकिन इन दोनों आगे महिला कार्यकर्ता खड़ी हो गईं। वैसे फोटो में दिख भी रहा है कि जिलाध्यक्ष शायद कार्यकर्ता से कुछ कह रही हैं और राज्यमंत्री भी उन्हें देख रहे हैं, लेकिन इतने में ही फोटो क्लिक हो गया।
जिलाध्यक्ष बोलीं ये माला नहीं पहनते
उप मुख्यमंत्री शुक्रवार रात करीब ग्यारह बजे सिरोही पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में उनका स्वागत किया गया। एक कार्यकर्ता ने उन्हें पुष्पमाला पहनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने हाथ से लेकर किसी अन्य को पहना दी। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्पष्ट किया वे माला नहीं पहनते। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें दुपट्टा पहनाया।