सिरोहीrajasthansirohiराजस्थान

समन्वय संगम से समस्याओं पर रहेगी रियल टाइम मॉनिटरिंग

  • जिला कलक्टर का नवाचार, नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू
  • समस्या समाधान के लिए विभागों के बीच रहेगा समन्वय

सिरोही. समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने नई शुरुआत की है। जिला कलक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर के मार्गदर्शन में नवाचार करते हुए समन्व्य संगम नाम से नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। इससे ऑनलाइन दर्ज समस्या की रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी। इससे न केवल सुशासन को सुदृढ़ बनाया जाएगा वरन् विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित हो सकेगा।

विभागों को मिलेगा साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म
यह पोर्टल जिले के सभी राजकीय विभागों को साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इससे अंतरविभागीय मुद्दों की पहचान, निगरानी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में गति प्रदान करना इस पोर्टल का अहम उद्देश्य है। इसके जरिए विभागीय समस्याओं एवं प्रकरणों की जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे लंबित मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण संभव हो सकेगा।

मिलेगी ई-मेल रिमाइंडर की सुविधा
बताया जा रहा है कि इस पोर्टल से विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद हो सकेगा। समस्याओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी, जिससे लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सकेगा। वहीं, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने तथा प्रकरणों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए हर सात दिन, 14 दिन, 30 दिन व 60 दिन के अंतराल पर ई मेल रिमाइंडर की सुविधा रहेगी।

इसलिए आवश्यक है साझा मॉनिटरिंग
अधिकारी बताते हैं कि अक्सर कोई समस्या अलग-अलग विभागों के बीच चक्कर खाती है। इस पोर्टल से यह होगा कि जिस विभाग से सम्बंधित समस्या होगी उस विभाग तक पहुंच जाएगी। जैसे सडक़ खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने पर नियमित जलापूर्ति बाधित हो जाती है। यह कार्य मुख्यत: जलदाय विभाग से संबंधित है पर पाइप लाइन क्षति का कारण सार्वजनिक निर्माण विभाग है। इस स्थिति में खंड विकास अधिकारी स्तर से समस्या पोर्टल पर दर्ज की जाती है। प्रकरण दोनों विभागों को ऑनलाइन प्रेषित हो जाएगा। दोनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी निर्धारित की जाती है। जिला स्तर पर अधिकारी इस प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। विभागों के संयुक्त प्रयास से पाइप लाइन की शीघ्र मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारू की जा सकेगी।

अधिक सुगम बनेंगे प्रशासनिक कार्य…
यह पोर्टल प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम, त्वरित एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे इस प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करें तथा जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं कि वे इस पोर्टल का नियमित रूप से उपयोग करें एवं जिले के समग्र विकास में योगदान दें।

  • रोहिताश्वसिंह तोमर, जिला कलक्टर, सिरोही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button