- आबू विकास समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
सिरोही. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आबू विकास समिति की बैठक में कहा कि विकास कार्यों को परस्पर समन्वय के साथ एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करें। वहीं, संभागीय आयुक्त एवं मुख्य सचिव को निरंतर मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया। कहा कि आबू विकास के लिए सौ करोड़ रुपए के कार्यों की सौगात दी जाएगी। इससे विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आबूराज में शहरी विकास, सडक़, पार्किंग आवागमन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि अधिकाधिक पर्यटकों का आगमन हो सके। नक्की झील के सौंदर्यन, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन, सीढिय़ों की मरम्मत, सीवरेज सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर निर्देशित किया। धार्मिक पर्यटन को नई गति देने के लिए मंदिरों के सूचीकरण के निर्देश दिए। इस दौरान पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, प्रभारी मंत्री केके बिश्नोई, राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़, सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, वन एवं पर्यावरण अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंदकुमार, नगरीय विकास से आलोक गुप्ता, स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन, पर्यटन विभाग शासन सचिव शुचि त्यागी समेत अधिकारी मौजूद रहे।
निर्माण सामग्री आवागमन पर निगरानी रखें
उन्होंने कहा कि आबूराज की सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विशिष्टता को संरक्षित रखते हुए टोकन कार्य में ऑनलाइन प्रणाली को पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएं और निर्माण सामग्री के आवागमन पर निगरानी रखी जाएं। वहीं, आबूराज को क्लीन एवं ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए स्वच्छता युक्त एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए।
विकास व विरासत के मूल मंत्र से कार्य
उन्होंने कहा कि आबूराज में विकास भी व विरासत भी के मूल मंत्र पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। विवेकानंद पार्क के सौंदर्यन, गुरु शिखर के सौंदर्यन व सुदृढ़ीकरण, अर्बुदा माता मंदिर एवं दत्तात्रेय मंदिर के विकास कार्यों, ईवी व्हीकल को बढ़ावा देने और भारतमाता नमन स्थल को नमो उद्यान के रूप में विकसित करने से आबूराज इको फ्रेंडली, क्लीन-ग्रीन एवं स्पिरिचुअल बन सकेगा। उन्होंने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा नियमित बैठक आयोजन की बात कही।

मुख्यमंत्री ने किए अम्बाजी शक्ति पीठ के दर्शन
सिरोही. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को गुजरात के बनासकांठा स्थित अम्बाजी शक्ति पीठ में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर शक्तिपीठ प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। उन्हें मां अम्बे की प्रतिमा भेंट की गई। इस दौरान पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी भी साथ रहे। उल्लेखनीय है कि गुजरात का यह शक्ति पीठ आबूरोड से सटा हुआ है। मुख्यमंत्री ने आबूराज प्रवास के दौरान शक्ति पीठ के दर्शन किए।



