कार की चपेट में आने से बाइक सवार मां व दो बेटों की मौत
- मंडार में पादर के समीप गुजरात वावधरा मार्ग पर हादसा
- गुजरात के लिए शराब तस्करी का सिल्ट रूट है यह मार्ग
सिरोही. मंडार थाना क्षेत्र में कार की चपेट में आने से बाइक सवार तीन जनों की मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार एक बालिका गंभीर रूप से घायल है। ये सभी एक ही परिवार के हैं। हादसे में कार चालक भी घायल है। यह मार्ग गुजरात के लिए शराब तस्करी का सिल्क रूट माना जाता है।
पुलिस के अनुसार वेरा जेतपुरा (शिवगंज) हाल भटाणा निवासी श्रीपालसिंह पुत्र पूरणसिंह बाइक पर अपनी मां शैलकंवर, भाई विपुल व बहन मनीषा के साथ शाम को वावधरा (गुजरात) जा रहा था। इस दौरान पादर में जोगीधरा के पास पीछे से आई कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मंडार में प्राथमिक उपचार के बाद इनको आगे के लिए रैफर किया गया, लेकिन श्रीपालसिंह, उसकी मां शैलकंवर व भाई विपुल का दम टूट गया। बहन मनीषा व इकबालगढ़ (गुजरात) निवासी कार चालक पंकज पुत्र रमेशभाई कोली अस्पताल में उपचाररत है।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
उधर, हादसे के बाद पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के कारणों को लेकर जांच के आदेश दिए। इस दौरान डीएसपी मनोजकुमार, तहसीलदार मंजू देवासी, पीडब्ल्यूडी के कमलेशकुमार, परिवहन निरीक्षक मनीष खत्री, थानाधिकारी प्रवीण आचार्य समेत अधिकारी मौजूद रहे।

इस मार्ग से गुजर रही ठेकों की शराब
बताया जा रहा है कि गुजरात के लिए तस्करी होने वाली शराब की बड़ी खेप वावधरा मार्ग से गुजरती है। मैथीपुरा-पादर के ठेकों से गुजरात के लिए भारी मात्रा में शराब तस्करी हो रही है। नशे के शौकीन भी गुजरात सीधे यहीं आते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर लग्जरी वाहनों की हर समय रेलमपेल सी बनी रहती है। शराब से भरे लग्जरी वाहन इस मार्ग पर होड़ मचाते से दौड़ लगाते हैं, लेकिन इनकी रफ्तार पर रोक लगाने वाला कोई नजर नहीं आता।
अब यह पुलिस जांच का विषय है
बताया जा रहा है कि कार में अन्य दो लोग भी सवार थे, जो हादसे के बाद भाग गए। आसपास के ग्रामीणों का कहना रहा कि कार में कुल तीन जने थे और नशे की हालत में थे। हादसे के बाद चालक घायल हो गया एवं कार में फंसने से बाहर नहीं निकल पाया। उसके साथी कार से निकल कर कहीं फरार हो गए। अब यह पुलिस जांच का विषय है कि ये लोग कार में शराब लेकर गुजरात जा रहे थे या केवल मौज-शौक के लिए पीकर निकले थे। चाहे जो हो पर इनकी एक लापरवाही ने परिवार को जीवनभर का दुख दे दिया।



