
- राजपूत मातृशक्ति क्षत्राणी सशक्तीकरण स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह
सिरोही. आरासणा अम्बाजी मंदिर में आयोजित जिलास्तरीय राजपूत मातृशक्ति क्षत्राणी सशक्तीकरण स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर समाजबंधुओं में उल्लास रहा। समारोह के लिए अलसुबह से ही प्रतिभाओं का आगमन होता रहा। पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़ का मुख्य आतिथ्य रहा।
उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। भारतीय महिलाओं ने सेना, पुलिस, वैज्ञानिक, सिविल सर्विस समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशेष उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया है। युवा प्रतिभाओं की उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। सफलता प्राप्ति के लिए मेहनत व आत्मविश्वास के साथ कार्य करना चाहिए।
समाज विकास के लिए आगे आने का आह्वान
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि महापुरुषों के कार्यों से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। सांसद लुम्बाराम चौधरी व विधायक समाराम गरासिया ने पिण्डवाड़ा में क्षत्रिय समाज भवन के लिए पंद्रह-पंद्रह लाख रुपए की घोषणा की। भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने शिक्षित महिला दो परिवारों का कल्याण एवं विकास करती हैं इसलिए शिक्षा पर अधिकाधिक ध्यान दें। जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़ ने समाज विकास के लिए महिलाओं एवं युवाओं को आगे आने एवं शिक्षा के साथ सह शैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया। समारोह में मार्कंडयधाम के संत रेवानाथ महाराज ने भी आशीर्वचन कहे।
समारोह में 101 प्रतिभाएं सम्मानित
आयोजक समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी गोपसिंह देवड़ा ने बताया कि समारोह में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय व राज्यस्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली एक सौ एक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी को पत्र देकर समाज भवन के लिए भूमि आवंटन का भी अनुरोध किया।
सफलता के लिए कोई शॉर्ट नहीं है
समारोह में समाज की प्रतिभाओं ने भी मार्गदर्शन किया। पुलिस अधिकारी डिम्पलकंवर (वीरोली) ने कहा कि सफलता के लिए कोई शार्टकट नहीं है। मेहनत का फल सदैव मिलेगा। युवाओं को मोबाइल की लत से दूर रहने एवं एकाग्रता व लगन से मेहनत करने का संदेश दिया।

अतिथियों ने किया प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन
समारोह में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, पूर्व जिला प्रमुख चंदनसिंह देवड़ा, जालोर से रविंद्रसिंह बालावत, दलीपसिंह मांडानी, नरपतसिंह राणावत, दीपेंद्रसिंह, सुजानसिंह वड़वज, अजितसिंह निम्बोड़ा, प्रद्युम्नसिंह भाटी, नारायणसिंह बागसीन, दक्षा देवड़ा, मांगूसिंह बावली, भवानीसिंह डोडुआ, हिमपालसिंह देवड़ा, नरपतसिंह देवड़ा, दिलीपभाई जैन समेत अतिथियों ने प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं कार्यक्रम संयोजक कैप्टन रतनसिंह वीरवाड़ा, सचिव बाघसिंह राणावत, श्रवणसिंह दहिया, जालमसिंह राणावत, प्रतापसिंह देवड़ा, रघुवीरसिंह देवड़ा, ईश्वरसिंह चवरली, भगवतसिंह देवड़ा, दलपतसिंह देवड़ा, सुरेंद्रसिंह देवड़ा, रामसिंह डिंगार, डॉ. विक्रमसिंह, दशरथसिंह, देवेंद्रसिंह, सवाईमानसिंह, सुजानसिंह बड़ावास, नारायणसिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।



