
- सांसद लुम्बाराम चौधरी ने लोकसभा में उठाया आदर्श सोसाइटी का मामला
सिरोही. सांसद लुम्बाराम चौधरी ने मंगलवार को लोकसभा में नियम 377 के अधीन आदर्श सोसायटी का मामला उठाते हुए निवेशकों का पैसा लौटाए जाने का आग्रह किया। उनका कहना रहा कि उनके संसदीय क्षेत्र के कई लोग सोसाइटी में राशि जमा करवा चुकेथे, लेकिन बाद में सोसाइटी ने पैसा लौटाने के बजाए हाथ खड़े कर दिए।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सहित देशभर के गरीब लोगों को लाभकारी योजनाओ का झांसा देकर आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटीव सोसायटी में धन जमा करवा रही थी। परिपक्व होने पर राशि चुकाने के बजाय हाथ खड़े कर दिए। ऐसे में लोगों के करोड़ों रुपए डूब गए। राजस्थान में इस सोसायटी की 309 शाखाओं में करीब 10 लाख निवेशकों ने लगभग आठ हजार करोड़ रुपए का निवेश कर रखा है। इसमें गरीब, दैनिक मजदूर, ठेले वाले, रिक्शा वाले, फेरी वाले, नरेगा मजदूर, छोटे किसान, छोटे व्यापारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी आदि शामिल है। इन लोगों ने मेहनत की गाढ़ी कमाई यह सोच कर आदर्श को-ऑपरेटीव में निवेश की थी कि कुछ साल बाद यह पैसा दुगुना होगा पर सोसाइटी ने यह पूरी राशि अपनी शैल कंपनियों में निवेश कर अपने निवेशकों को धोखा दिया है। आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (Adarsh Credit Co-operative Society sirohi) ने विभिन्न अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। इस कारण सोसाइटी की संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया और बैंक खातों को फ्रिज कर दिया गया। सोसाइटी परिसमापन करने के लिए लिक्विडेटर नियुक्त किया गया है। सांसद ने आग्रह किया है कि आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटीव सोसाइटी में निवेशकों का जमा पैसा दिलवाया जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
हजारों लोगों का करोड़ों रुपया डूब रहा
उल्लेखनीय है कि सिरोही-जालोर के हजारों लोगों का पैसा इस सोसाइटी में डूब चुका है। सोसाइटी के नाम से खरीदी गई सम्पतियों को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। ऐसे में लोगों को अब सोसाइटी का पैसा मिलने की उम्मीद भी क्षीण होती जा रही है।



