राजनीतिpoliticsrajasthansirohiराजस्थानसिरोही

पास आने से भी झिझक रहे थे हाथ मिलाकर गले लगाया तो खुश दिखे आदिवासी

  • यह पहली बार रहा कि कोई सांसद भाखर के इन गांवों में पहुंचे
  • सौगात देने दिल्ली से सीधे आदिवासियों के बीच आए सांसद

सिरोही. आबूरोड के समीप आदिवासी बहुल भाखर क्षेत्र की फलियां जल्द ही मुख्य सडक़ों से कनेक्ट होंगी। सडक़ों की सौगात देने के लिए सांसद लुम्बाराम चौधरी खुद आदिवासियों के पास पहुंचे। यह भी पहली बार ही रहा कि आदिवासी क्षेत्र की इन पंचायतों में कोई सांसद उनके बीच पहुंचा हो। रक्षा सम्बंधी स्थायी समिति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति सदस्य सांसद लुम्बाराम चौधरी ने शिलान्यास के लिए इन गांवों में ही कार्यक्रम रखा। वे दिल्ली से सीधे आबूरोड पहुंचे तथा आदिवासी बहुल भाखर क्षेत्र के गांवों में लोगों से रूबरू हुए। स्थानीय बाशिंदें उन्हें देखकर प्रफुल्लित नजर आए। कई लोग उनके पास जाना चाह रहे थे, लेकिन झिझकते भी दिखे। सांसद ने आगे बढक़र उनसे हाथ मिलाया और कुछ लोगों को गले भी लगाया। ऐसे में आदिवासी लोग खुश नजर आए। ठेठ देसी अंदाज में परस्पर चर्चा करते दिखे कि ये तो अपने साथ ही घुल-मिल गए, लगता ही नहीं ये सांसद है।

कुल 33 करोड़ से बनेंगी 17 किमी सडक़ें
आबूरोड ब्लॉक के भाखर क्षेत्र में ग्राम पंचायत उपलागढ़, निचलागढ़, दोयतरा व जायदरा के अधीन गांवों की सडक़ों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत नाल फली, बार फली, मालवा फली, सोढ़ी फली, बेतवा फली, गोलिया फली, बीचली फली, निचकी फली, थाला फली, काला खातेर फली, टीटवान फली, बलिया फली, निचला खेजड़ा आदि कुल 13 सडक़ों का शिलान्यास किया गया। कुल 17 किमी लम्बाई की इन सम्पर्क सडक़ों पर लगभग 33 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है।

सिरोही जिले में बनेंगी कुल 60 सडक़ें
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत जालोर संसदीय क्षेत्र में नई सडक़ों की स्वीकृति मिली है। इसके तहत सिरोही जिले के लिए कुल 60 सडक़ंे बनेगी, जिनकी लंबाई 146.60 किमी है। इनके निर्माण के लिए 129.73 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें से 13 सडक़ें आदिवासी बहुल भाखर क्षेत्र की है, जिनका शिलान्यास किया गया। आदिवासी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा इससे लोगों को आवागमन में भारी सहूलियत मिल सकेगी।

ठेठ देसी अंदाज में सांसद का उद्बोधन
शिलान्यास समारोह में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने ठेठ देसी अंदाज में सम्बोधन दिया। उनकी शैली पर आदिवासी लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। उन्होंने आदिवासियों को मुख्य धारा से जुडऩे एवं योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ग्रामीण एवं पंचायतराज मंत्री शिवराजसिंह चौहान, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। स्थानीय विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पैसों की कोई कमी नहीं है। इन बस्तियों के प्रस्ताव ग्रामीण मंत्रालय को भिजवाए थे, जो किसी भी प्रकार के सडक़ मार्ग से जुड़े हुए नहीं थे। सांसद के प्रस्तावों पर ग्रामीण मंत्रालय ने मुहर लगाते हुए संसदीय क्षेत्र में एक बड़ी सौगात प्रदान की है। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री रामलाल रणोरा, मंडल अध्यक्ष दशरथसिंह राव, जिला परिषद सदस्य कन्हैयालाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष दशरथसिंह, धनाराम मीणा, अजयनाथ ढाका, हरिमोहन समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button