सिरोहीpoliticsrajasthansirohiराजनीतिराजस्थान

तालियों की गडग़ड़ाहट में सरकार को सुनाई नहीं दी सिसकियां

  • राज्यमंत्री ने किया सरकारी स्कूल में विकास कार्यों का लोकार्पण
  • पूर्व विधायक गंभीर चोटिल छात्र को लेकर पहुंचे कलक्ट्री
  • सरकारी स्कूल के बच्चे की निर्मम पिटाई का मामला

सिरोही. शहर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मासूम के साथ पिटाई का मामला सामने आया है। चोटिल बच्चे को लेकर पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की तथा आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। उधर, जिस समय पूर्व विधायक मासूम बच्चे को लेकर कलक्ट्री पहुंचे उस दरम्यान पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी शहर की ही बालिका स्कूल में विकास कार्यों का लोकार्पण कर रहे थे। एक तरफ पीड़ा से कराह रहा मासूम सिसकियां भर रहा था वहीं, सरकार तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच विकास कार्यों के कसीदें काढ़ रहे थे। अब सरकार को मासूम की सिसकियां सुनाई दी या नहीं यह कहना मुश्किल है।

समझौते के लिए दबाव बनाया
आरोप है कि पहली कक्षा के छात्र दीक्षित के साथ विद्यालय के शिक्षक गजेंद्रसिंह ने निर्ममता से मारपीट की है। जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक छात्र दीक्षित के घर पहुंचे और स्थिति जानी। परिजनों ने बताया कि रात दस बजे थाने गए थे पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस अब समझौते के लिए दबाव बना रही है।

एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पूर्व विधायक ने छात्र व उसके परिजनों के साथ जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल मुकदमा दर्ज करवाने, बच्चे का मेडिकल करवाने तथा आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के उपअधीक्षक को निर्देश दिए।

बच्चों पर हिंसा सहन नहीं करेंगे
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता एवं हिंसा को सहन नहीं किया जाएगा। शिक्षक का दायित्व बच्चों को शिक्षा, संस्कार और सुरक्षा देना है, न कि उनके साथ हिंसा करना है। सरकारी स्कूल में पहली कक्षा के मासूम बच्चे के साथ इस प्रकार की घटना पूरी शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ऐसे मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है बल्कि दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button