- कुल 10 प्रत्याशी वाली भाजपा के खेमे में 5 प्रत्याशियों की टूट
- कांग्रेस के पास महज एक ही निकाय पर बरकरार रखा कब्जा
सिरोही. निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा को जिले में जबरदस्त लीड मिली है। कुल छह में से पांच निकायों में भाजपा ने कब्जा किया है, लेकिन इसके बाद भी फजीहत हो ही गई। शिवगंज, पिण्डवाड़ा व माउंट आबू को कांग्रेस के पास से हथियाने में भाजपा सफल रही। यहां तक कि नवनिर्मित मंडार पालिका में पहली बार में ही भाजपा का बोर्ड बना है, लेकिन सिरोही नगर परिषद में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। यहां कांग्रेस अपना कब्जा बरकरार रखने में कामयाब रही, लेकिन यहां कुल दस प्रत्याशी वाली भाजपा खेमे में पांच प्रत्याशियों की टूट हो गई और ये मत कांग्रेस को मिले। कांग्रेस के पास यहां पूर्ण बहुमत था, लेकिन भाजपा अपने मतों को संभाल नहीं पाई। अब यह टूट आपसी फूट की वजह से हुई या कुप्रबंधन के कारण इसकी वजह अभी तक सामने नहीं है। फिलवक्त कांग्रेस नगर परिषद पर कब्जा बरकरार रखने की खुशी में मस्त है तो भाजपा अन्य निकायों की सफलता पर खुशी मना रही है।
भाजपा ने अपने पांच मत गंवाए
सिरोही नगर परिषद में सभापति पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस की ऋतु जैन को कुल 30 मत मिले, जबकि भाजपा की पूजा माली को पांच मत हासिल हुए। उल्लेखनीय है कि कुल 35 में से कांग्रेस ने 23 प्रत्याशी जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। एक निर्दलीय के साथ इनके पास कुल 24 प्रत्याशी हैं। भाजपा के पास कुल दस प्रत्याशी है। वहीं, एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी के पास है। भाजपा प्रत्याशी पूजा माली को अपने दस में से पांच मत ही मिल पाए।
भाजपा ने कुछ यूं लहराया परचम
जिले की शिवगंज नगर पालिका में कुल 35 में से 18 सीट भाजपा के पास थी। एक सीट से भाजपा यहां बहुमत पर आई और अध्यक्ष पद के लिए कुंदनमल अग्रवाल को आगे किया। यहां भाजपा ने अपने पूरे 18 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस से राजेशकुमार मैदान में रहे। पिण्डवाड़ा में कांग्रेस से बागी होकर अध्यक्ष पद के लिए दावेदार बने राकेश रावल ने जीत हासिल की। यहां कांग्रेस से अचलसिंह मैदान में रहे। आबूरोड में भाजपा की भावना अग्रवाल अध्यक्ष बनीं। यहां कांग्रेस से शोभा मैदान में रहीं। माउंट आबू में भाजपा के सुनील आचार्य ने जीत हासिल की, कांग्रेस से यश मैदान में रहे। वहीं, नवगठित मंडार नगर पालिका में निर्दलीय के सहयोग से भाजपा के प्रागाराम अध्यक्ष बने, वहीं कांग्रेस से मफतलाल मैदान में रहे।
कांग्रेस के हाथ से फिसले निकाय
इस बार के चुनाव में सिरोही नगर परिषद में जरूर भाजपा को पटखनी मिली है, लेकिन कांग्रेस को भी बड़ा नुकसान हुआ है। पिछली बार सिरोही व शिवगंज में कांग्रेस का ही बोर्ड था, लेकिन इस बार शिवगंज भाजपा ने कब्जाया। इसी तरह माउंट आबू भी कांग्रेस के पास से भाजपा ने छीन लिया। पिण्डवाड़ा में भाजपा समर्थित बोर्ड था। इस बार यहां कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया, लेकिन कांग्रेस में अध्यक्ष पद के दो दावेदार होने से एक ने भाजपा का हाथ थाम लिया और भाजपा के समर्थन से अध्यक्ष पद कब्जाया। लिहाजा जिले के छह में से पांच निकायों पर भाजपा का कब्जा हो गया, जबकि पिछली बार पांच में से तीन निकाय कांग्रेस के पास थे।



