अकेले रहते थे सेवानिवृत्त अफसर दंपति, मौत

- कई दिनों से नजर नहीं आए थे, घर से बदबू आने पर पता चला
जयपुर. जयपुर के विवेक विहार में अकेले रहने वाले बुजुर्ब दंपति की मौत हो गई। दोनों के शव कई दिनों तक घर में ही पड़े रहे। दंपति को आसपास के लोगों ने कई दिनों से नहीं देखा था। मकान के पास से गुजरने पर बदबू आने पर लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी हुई। बुजुर्ग दंपति सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त अधिकारी थे।
बेडरूम में पड़े मिले दोनों शव
जानकारी के अनुसार विवेक विहार के इस मकान से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर मौके पर आई पुलिस टीम ने लोगों की मौजूदगी में मकान का ताला तोड़ा तथा अंदर पहुंचे। मकान के बेडरूम में बुजुर्ग दंपति के शव पड़े मिले। जयपुर की पॉश कॉलोनी में इस तरह शव पड़े मिलने पर लोगों में सनसनी फैल गई।
रिटायर्ड अफसर थे पति-पत्नी
पुलिस के अनुसार मकान में रहने वाले सत्यप्रिय नागर (92) व उनकी पत्नी मधु (90) के शव बेडरूम में पड़े मिले। माना जा रहा है कि इनकी मौत कुछ दिन पहले हो गई थी। जानकारी में आया है कि सत्यप्रिय बीएएसएनएल से रिटायर्ड अफसर थे, वहीं उनकी पत्नी मधु राजस्थान यूनिवर्सिटी से हिंदी की प्रोफेसर पद से रिटायर्ड थीं।
लम्बे समय से किसी परिजन से बात नहीं हुई
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गत 11 अप्रेल के बाद परिवार के किसी सदस्य से उनकी बात नहीं हुई थी। इनके अलावा घर में कोई नहीं रहता था। तीन दिन से किसी ने इन दोनों को नहीं देखा था। इनकी देखभाल एक रिश्तेदार करता था, लेकिन उसे भी कई दिनों से किसी ने नहीं देखा। कमरे में बेड के पास ही दोनों शव पड़े मिले।
दरवाजे बंद, लाइट चालू थी
पुलिस के अनुसार घर में बिजली, पंखे, कूलर आदि चालू थे। वहीं, घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। मकान के दरवाजे भी अंदर से बंद मिले। ऐसे में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।#jaipur.Retired officer couple lived alone, died