- निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, मंडलों में ली बैठक
सिरोही. चुनाव की सुगबुगाहट को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सिरोही व शिवगंज नगर मंडल की बैठक आयोजित कर निकाय चुनाव पर चर्चा की गई। वहीं, कार्यकर्ताओं को तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया।
सिरोही नगर मंडल की बैठक में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि निकाय चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, एकजुटता एवं बूथ स्तर तक मजबूत रहते हुए मैदान में उतरने का आह्वान किया। सिरोही शहर विकास के लिए नगर परिषद में 75 करोड़ एवं विधानसभा क्षेत्र के लिए 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्य हो रहे हैं। इसे लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने का आग्रह किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह चौहान, नारायण देवासी, जिला उपाध्यक्ष ताराराम माली, मंडल प्रभारी गंगाराम गोयल, मंडल अध्यक्ष चिराग रावल ने विचार व्यक्त किए।
सांसद ने बताए चुनाव में जीत के गुर
उधर, सांसद लुम्बाराम चौधरी ने चुनाव प्रबंधन एवं जीत हासिल किए जाने के गुर बताए। कहा कि चुनाव की बिगुल बज चुका है। सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों को जनता तक प्राथमिकता से पहुंचाएं, जीत अवश्य मिलेगी। कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क, मतदाता संवाद एवं बूथ प्रबंधन को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया।
संगठनात्मक स्थिति पर की चर्चा
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री बताया कि बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रत्येक वार्ड में संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा एवं कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, बूथ समितियों एवं पन्ना प्रमुखों को सक्रिय करने एवं बूथ मैनेजमेंट पर जोर दिया गया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल, गोपाल माली, कार्यालय मंत्री बाबूसिंह मांकरोड़ा, नगर महामंत्री प्रकाश पटेल, कैलाश मेघवाल मगन मीणा, अनिल प्रजापत, प्रवीण राठौर, धनपतसिंह राठौड़, शैतानसिंह परमार समेत कई कार्यकर्ता संख्या में मौजूद रहे।



