ट्रोलर से टकराई तेज रफ्तार रोडवेज बस, 11 घायल
- फोरलेन पर ओवरटेक में आगे चल रहे वाहन से टक्कर
सरूपगंज. फोरलेन पर सरूपगंज रीको क्षेत्र में शनिवार सुबह रोडवेज बस व ट्रोलर की टक्कर में 11 जने घायल हो गए। इनमें कुछ विद्यार्थी भी शामिल हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को आगे रैफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार आबूरोड से फलोदी जा रही रोडवेज बस रीको क्षेत्र में आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। बचाव के लिए चालक ने अचानक ही ब्रेक लगाए, जिससे बस में बैठे यात्री सीटों से टकराकर चोटिल हो गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। यात्री तत्काल बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। वहीं, आसपास से गुजर रहे लोगों ने भी सहायता की। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कुछ घायलों को सिरोही व कुछ घायल उदयपुर के लिए रैफर कर दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार से चल रही थी।
ओवरटेक करते समय हादसा
थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि ओवरटेक करते समय बस आगे चल रहे टैंकर से रगड़ खा गई। टकराव से बचने के चक्कर में बस चालक ने तत्काल ही ब्रेक लगाए, जिससे बस में बैठे लोगों को चोटें आई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तथा मौका-मुआयना किया।



