
- ठेके पर शराब लेने के बहाने आए युवकों ने की मारपीट
सिरोही. सरूपगंज में पुरानी रंजिश को लेकर शराब की दुकान में तोडफ़ोड़ का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने ठेके में घुसकर मारपीट व तोडफ़ोड़ कर दी। युवक शराब लेने के बहाने आए थे। इस दौरान कर्टन में रखी बोतलों से ही सेल्समैन पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार सरूपगंज में ठेके पर एक युवक शराब खरीद रहा था। इस दौरान दूसरा युवक वहीं घूमता नजर आया। सेल्समैन ने ज्योंही कर्टन में शराब भरी, वैसे ही पास खड़े युवक ने बोतल निकाल हमला कर दिया। इसके बाद कर्टन में रखी बोतलें भी सेल्समैन व दुकान में रखी शराब की बोतलों पर फेंकी। अन्य कुछ युवक भी अंदर घुसे तथा मारपीट की।
कार्रवाई के बाद से नाराज थे युवक
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश का है। युवक ठेके के पास ही अवैध रूप से शराब बेचने का कार्य कर रहे थे। ठेकेदार की ओर से इन पर पुलिस कार्रवाई कराई गई थी। इसके बाद से वे लोग नाराज थे। ऐसे में शनिवार को ठेके में घुसकर मारपीट व तोडफ़ोड़ की।
लाठियों व सरियों से लैस होकर आए
ठेका संचालक मदनलाल ने बताया कि राजवीरसिंह व मयूरसिंह मेवाड़ा समेत उनके साथियों ने उसकी दुकान पर हमला किया। इससे दुकान के सेल्समैन को चोटें आई है। आरोप लगाया कि वे लोग ठेके के नजदीक ही होटल चलाते हैं एवं अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। कार्रवाई किए जाने के बाद ये लोग नाराज थे। ऐसे में लाठियों व सरियों से लैस होकर आए तथा हमला कर दिया।
शांतिभंग के आरोप में किया गिरफ्तार
उधर, बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। वहीं, देर शाम दो-तीन जनों को शांतिभंग के आरोप मे गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि आपसी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा गया था। अभी सूचना मिली है कि टीम ने दो-तीन जनों को पकड़ लिया है और उनको लेकर आ रहे हैं।



