पॉक्सों में मेडिकल जांच के लिए भी पीडि़ताओं को घंटों तक इंतजार

- दुष्कर्म पीडि़त नाबालिगों के मेडिकल में लापरवाही बरत रहा जिला अस्पताल
सिरोही. दुष्कर्म पीडि़ताओं के मेडिकल मुआयना करने में जिला अस्पताल की लापरवाही सामने आई है। नाबालिग पीडि़ताओं को पांच से छह घंटे तक इंतजार करवाया जा रहा है। सुबह से शाम तक भी इनका मेडिकल मुआयना नहीं किया जा रहा। मामला रविवार का ही है। पीडि़ताओं के मेडिकल मुआयने के लिए बाल कल्याण समिति की ओर से पत्र जारी कर दिया गया था। इस पर कमेटी भी गठित कर दी गई, लेकिन पीडि़ताओं को पांच से छह घंटे तक बैठाए रखा गया। शाम को बाल कल्याण समिति के हस्तक्षेप के बाद मेडिकल जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि पीडि़ताओं को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन शाम सात बजे तक भी जांच नहीं की गई। समिति सदस्य एडवोकेट प्रकाश माली को जब इसकी सूचना मिली तो वे तत्काल ही जिला अस्पताल पहुंचे तथा मेडिकल प्रक्रिया शुरू करवाई।
फिर भी नहीं हो रही ठोस कार्रवाई
ज्ञातव्य है कि पूर्व में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन लापरवाही बरत रहे चिकित्सक या कार्मिकों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। बताया जा रहा है कि तत्कालीन जिला कलक्टर अल्पा चौधरी ने जिला अस्पताल की चिकित्सक को नोटिस भी जारी किया था। रविवार को एक बार फिर इस तरह का मामला सामने आ गया।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी
समिति सदस्य एडवोकेट प्रकाश माली ने बताया कि इस तरह के मामलों में पीडि़ताओं को परेशान किया जाना गंभीर मामला है। कई घंटों तक मेडिकल जांच नहीं होने पर वे तत्काल जिला पहुंचे तथा जिला कलक्टर को भी इसकी जानकारी दी। उन्होंने भी इसे गंभीरता से लिया है। इस सम्बंध में लापरवाह चिकित्सक व कार्मिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



