आबूरोड में भगवती होटल से पकड़ी चार बांग्लादेशी युवतियां
- अवैध रूप से भारत आई युवतियों के प्रत्यावर्तन की कार्रवाई
सिरोही. बांगलादेश से अवैध रूप से भारत आई चार युवतियों को पुलिस ने दस्तियाब किया है। इन युवतियों को आबूरोड की भगवती होटल से पकड़ा गया है। पुलिस अब इनके प्रत्यावर्तन की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस कार्रवाई में अभी तक कुल 11 बांगलादेशी युवतियां पकड़ में आ चुकी है।
पुलिस के अनुसार भगवती होटल में संदिग्ध युवतियों की सूचना मिलने पर दबिश दी गई। यहां से बेलपुलिया (जिला खुलना) निवासी सोनिया खातुन पत्नी सुल्तान आकुन, रोशनी मंडल पुत्री मनन मंडल, उथुली (जिला चोओडंगा) निवासी आयशा मंडल पत्नी अख्तर उल व रीता राय पुत्री शंकरराय को दस्तियाब किया गया। पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिलने पर पुलिस की जिला विशेष शाखा व अन्य जांच एजेंसियों ने विस्तृत पूछताछ की। एजेंसियों के समक्ष इन युवतियों ने अपने नाम मुस्समत माफुजा, रोशनी, सोनिया खातुन व अलफिना अख्तर एवं बांग्लादेशी होना बताया। पुलिस अब इनके प्रत्यावर्तन की तैयारी कर रही है। इसके लिए सीमा सुरक्षा बल पश्चिम बंगाल, गृह विभाग, आसूचना ब्यूरो पश्चिम बंगाल से समन्वय किया जा रहा है।
अभी तक 11 युवतियां दस्तियाब
उधर, आबूरोड क्षेत्र में लगातार बांग्लादेशी युवतियां पकड़ में आ रही है। इससे पहले 13 जुलाई को दो, 3 व 8 अगस्त को एक-एक एवं 10 अगस्त को को तीन अवैध बांग्लादेशी युवतियों को पकड़ा जा चुका है। ऐसे में कुल ग्यारह युवतियों को पुलिस दस्तियाब कर चुकी है। साथ ही इनके प्रत्यावर्तन की कार्रवाई की जा रही है।



