
- दारू ठेकेदार, स्पा संचालक व किसान नेता जैसे शब्दों पर जताई कड़ी आपत्ति
- तेजराज पर भ्रामक वीडियो जारी करने का आरोप, विधिक नोटिस जारी
सिरोही. भाजपा के खिलाफ बार-बार वीडियो जारी करने वाले तेजराज सोलंकी अब कानूनी दायरे में फंसते दिख रहे है। उनकी ओर से जारी किए गए एक वीडियो पर भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान ने कड़ी आपत्ति जताई है।
उन्होंने भाजपा पर कथित रूप से अनर्गल बयानबाजी करने वाले तेजराज सोलंकी को विधिक नोटिस जारी किया है। साथ ही कहा है कि उनकी ओर से सोशल मीडिया पर जारी किए भ्रामक वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण दें अन्यथा सिविल एवं आपराधिक मानहानि सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना रहा कि वीडियो में बार-बार दारू का ठेकेदार, स्पा संचालक व कथित किसान नेता जैसे शब्दों का उपयोग कर भाजपा संगठन को बदनाम करने का सुनियोजित प्रयास किया गया है, लेकिन तेजराज सोलंकी उस व्यक्ति का नाम सार्वजनिक करने का साहस नहीं जुटा पाए। इससे स्पष्ट है कि यह केवल भ्रम फैलाने, राजनीतिक द्वेष और भाजपा की बढ़ती जनस्वीकार्यता से बौखलाहट का परिणाम है। भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा और मूल्यों पर चलने वाला संगठन है, जहां कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण से संगठन को मजबूत करते हैं। ऐसे में बिना प्रमाण पूरे संगठन को कठघरे में खड़ा करना दुर्भावनापूर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पंद्रह दिनों में अपने आरोपों के समर्थन में वे प्रमाण और नाम सार्वजनिक नहीं करते है या सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते है तो उनके विरुद्ध सिविल एवं आपराधिक मानहानि सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई है
ज्ञातव्य है कि तेजराज सोलंकी ने गत दिनों वीडियो वायरल करते हुए बताया था कि अपने आप को किसान नेता कह रहा है और स्पा व शराब का व्यापार करने वाला भाजपा चला रहा है। इस वक्तव्य को लेकर एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना रहा कि भ्रामक वीडियो से भाजपा कार्यकर्ताओं की छवि धूमिल की जा रही है। बगैर किसी का नाम लिए ढके-छुपे शब्दों में इस तरह का वक्तव्य जारी करने से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई है। उनका कहना रहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है एवं इस राष्ट्रवादी पार्टी को कोई एक व्यक्ति नहीं चला सकता।
नोटिस देकर पंद्रह दिनों में मांगा जवाब
नोटिस में बताया गया है कि तेजराज सोलंकी के मुताबिक यदि कोई व्यक्ति विशेष इसे चला रहा है तो वह स्पा चलाने वाला व दारू का व्यापारी किसान कौन है उसकी पहचान उजागर की जाए। उन्होंने विधिक नोटिस जारी कर पंद्रह दिनों में उस तथाकथित किसान नेता एवं स्पा संचालक व दारू ठेकेदार का नाम उजागर करने की बात कही है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर यह मान लिया जाएगा कि आप भ्रम व अफवाह फैलाते हुए कार्यकर्ताओं को अपमानित कर रहे हैं, जो बीएनएस की धारा 356 व उप धाराओं के तहत दंडनीय अपराध है।
संगठन की प्रतिष्ठा पर हमला बर्दाश्त नहीं
उधर, इस सम्बंध में एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए नोटिस साझा किया। बताया कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए भाजपा एवं उसके समर्पित कार्यकर्ताओं पर कीचड़ उछालने का काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो में भाजपा को लेकर जिस प्रकार के अनर्गल, अमर्यादित और तथ्यहीन आरोप लगाए गए हैं वे न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान है बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी खुला उल्लंंघन है। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी स्तर पर संगठन की प्रतिष्ठा पर हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे और राजनीतिक साजिश के तहत फैलाए जा रहे भ्रम का कानूनी एवं लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।



