सिरोहीpoliticsrajasthansirohiराजनीतिराजस्थान

सफाई की अव्यवस्था पर नाराज नजर आए राज्यमंत्री, दो वीडीओ निलम्बित

  • मनोरा व वराडा के ग्राम विकास अधिकारी पर कार्रवाई

सिरोही. पंचायतराज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर वे नाराज नजर आए तथा मनोरा व वराडा पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारियों को निलम्बित करने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने वराडा, मनोरा, भूतगांव व जावाल में ग्राम रथ अभियान कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान ग्रामीणों ने सफाई को लेकर समस्याएं बताई। इस पर वराडा में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी चम्पतकुमार कुम्हार व मनोरा में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी हरसुखदान आढ़ा को निलम्बित करने के निर्देश दिए।

योजनाओं से लाभ उठाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं से लाभ उठाने का आह्वान किया। कहा कि ग्राम रथ अभियान योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को जागरूक करने एवं सेवा वितरण को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुचाने के लिए संकल्पित है।

समस्या समाधान के दिए निर्देश
इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग रखी। मुख्य रूप से पानी, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायतराज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाएं सामने आई। राज्यमंत्री ने समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रधान हंसमुखकुमार, उप प्रधान नारायणसिंह, प्रशासक लक्ष्मीदेवी, तगाराम हीरागर, तीजादेवी, कमलेश दवे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

विकास कार्यों का किया उद्घाटन
उधर, राज्यमंत्री ने बालदा ग्राम पंचायत में विभिन्न कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने राजपुरा स्कूल में टीन शेड व स्टेज, सीसी रोड, बालदा, राजपुरा व मोटाल में रोडलाइट, जेजेएम के तहत उच्च जलाशय, पाइप लाइन, राजपुरा स्कूल में निर्मित दो कक्ष, बालदा स्कूल में टीन शेड व स्थापना कार्य का उद्घाटन किया। विभिन्न कार्यक्रमों में पाड़ीव प्रशासक देशाराम मेघवाल, ऊड़ प्रशासक डूंगाराम मेघवाल, गोयली राजूकंवर, बालदा मोहनसिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button